यूपी विधानसभा चुनाव के परिणाम 10 मार्च को आने हैं। मतगणना में 24 घंटे से भी कम का समय बचा है। वेस्ट यूपी के मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, आगरा और अलीगढ़ मंडल में 26 जिले आते हैं। इन 26 जिलों में 136 विधानसभा सीटें हैं। 2017 में भाजपा ने 109 सीटें जीती थीं।
इस बार सपा और आरएलडी का गठबंधन
इस विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल (RLD) का गठबंधन है। किसान आंदोलन के बाद रालोद की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है। वेस्ट यूपी की 33 सीटों पर राष्ट्रीय लोकदल ने चुनाव लड़ा है। रालोद जाट और मुस्लिमों के सहारे अपनी नैया बचाने में लगी है। वेस्ट यूपी की जाट वोट 75 सीटों पर प्रभाव रखती है। समाजवादी पार्टी भी यहां आरएलडी के सहारे अपने को खड़ा करने का प्रयास कर रही है।
2017 में कई जिलों में भाजपा ने किया सफाया
2017 के विधानसभा चुनाव में वेस्ट यूपी में ही भाजपा ने कई पार्टी का सफाया किया था। मुजफ्फरनगर और बुलंदशहर में भाजपा के आगे कोई भी पार्टी अपना खाता नहीं खोल सकी। गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में भी यही हाल रहा। बरेली में नौ सीटें हैं। सभी 9 सीट भाजपा ने जीती थीं। आगरा में भी भाजपा का एक तरफा आंधी चली थी।