उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 2017 की तरह इस बार भी मोदी मैजिक खूब चला। मजबूत रणनीति के तहत PM नरेंद्र मोदी ने पश्चिमी UP से लेकर पूर्वांचल तक 134 सीटों पर जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। खास बात यह रही कि कड़ी टक्कर वाली सीटों पर PM मोदी ने खुद कमान संभाली थी। इन सीटों पर वो हिंदुत्व का संदेश देने में कामयाब भी रहे।
PM मोदी ने पहले चरण के प्रचार से 20 दिनों के अंदर 19 रैलियां करके 192 सीटों के लोगों तक अपनी बात पहुंचाई। सपा प्रमुख अखिलेश भी मोदी क्रेज को समझते थे। इसलिए उन्होंने भी इन्हीं सीटों पर जनसभाएं कीं। हालांकि नतीजा आपके सामने है। मोदी ने जिन सीटों पर प्रचार किया, उनमें 134 विधानसभा सीटें भगवा रंग में रंग चुकी हैं।
वाराणसी में दो दिन डेरा डाला था मोदी ने
खुद PM मोदी वाराणसी में हाथ जोड़कर वोट मांगते नजर आए। उनकी चुनावी यात्रा सहारनपुर से 10 फरवरी को शुरू हो जाती है। नॉन स्टॉप वो 5 मार्च तक लोगों के बीच रहते हैं। योगी को दोबारा CM बनाने के लिए लोगों से अपील करते हैं। इस दौरान वो माफिया पर प्रहार, मजबूत लॉ एंड ऑर्डर से लेकर सपा के शासन में हुई गुंडागर्दी तक को याद दिलाते हैं। UP चुनाव के लिए PM मोदी ने करीब 16,836 किमी का सफर तय किया।
अखिलेश ने 98 जनसभाएं, जबकि मायावती ने सिर्फ 12 रैलियां कीं
दूसरी तरफ, विपक्ष में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पूरे दमखम के साथ चुनाव प्रचार किया। 20 दिनों में उन्होंने ताबड़तोड़ 98 जनसभाएं कीं। भीड़ भी खूब जुटाई, पश्चिम UP, अवध से लेकर पूर्वांचल तक वो भाजपा को कांटे की टक्कर देते नजर आए। इस दौड़ में प्रियंका गांधी भी पीछे नहीं हैं। कांग्रेस के लिए जनाधार को खोजते हुए उन्होंने 209 सीटों पर 50 जनसभाएं कीं।
PM मोदी प्रभाव से जीती गईं सीटों के बारे में
इन सीटों में नकुड़, देवबंद, रामपुर मनिहारन, गंगोह, कासगंज, अमनपुर, छिबरामऊ, कन्नौज, तिरवा, रसूलाबाद, अकबरपुर-रनिया, सिकंदरा, भोगनीपुर, सीतापुर, महोली, हरगांव, बिसवां, सेवता, सिधौली, मिश्रिख, जहानाबाद, बिंदकी, खागा, हरदोई, सवायजपुर, शाहाबाद, गोपामऊ, सांडी, बिलग्राम, बालामऊ, संडीला, उन्नाव, बागरमऊ, भगवंतनगर, पुरवा, गोंडा, मेहनौन, कटरा बाजार, कर्नलगंज, तरबगंज, मानकपुर, बहराइच, बलहा, नानपारा, महसी, पयागपुर है।इसके अलावा, बलरामपुर, उतरौला, तुलसीपुर, कुर्सी, रामनगर, दरियागंज, जगदीशपुर, इलाहाबाद पश्चिम, करछना, फाफामऊ, बारा, कोरांव, इलाहाबाद उत्तरी, इलाहाबाद दक्षिणी, फूलपुर, प्रतापगढ़, विश्वनाथ गंज, वाराणसी उत्तरी, शिवपुर, रोहनिया, कैंट, पिंडरा, अजगरा, सेवापुरी, दक्षिणी, देवरिया, पत्थरदेवा, रामपुर खरखाना, भटपर रानी, सलेमपुर, बरहाज, हर्रैया, नौतनवां, सिसवा, महाराजगंज, पनियारा, कुशीनगर, फाजिलनगर, तमकुहीराज, पडरौना (सदर), रामकोला (सुरक्षित), जौनपुर की 4 सीट, चंदौली की तीन सीट, छानबे, मिर्जापुर समेत 134 सीटों को भगवा किया।
CM योगी ने 368 विधानसभा सीटों तक अपनी बात पहुंचाई
पूर्ण बहुमत के जादुई आंकड़े को छूने के लिए CM योगी आदित्यनाथ ने UP में करीब 18,200 किमी की यात्रा की। उन्होंने 20 दिन में 73 जनसभाएं कीं। 8 फरवरी को उन्होंने मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा से जनसभाओं का आगाज किया। फिर पश्चिम से अवध, मध्य क्षेत्र होते हुए बुंदेलखंड और पूर्वांचल के लोगों तक पहुंचे। करीब 368 विधानसभा सीटों तक वो अपनी बात पहुंचाने में कामयाब हुए।